बदांयू 1 दिसंबर बीते शनिवार की रात बरेली के फरीदपुर में रामगंगा के अधूरे पुल से एक कार 22 फीट की ऊंचाई से गिर गई थी। रात के समय गूगल मैप के भरोसे चल रहे कार सवार तीन लोगों ने हादसे में जान गवां दी। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कुछ मुख्य रास्ते ऐसे हैं जिन पर वर्षों से आवागमन बंद है, लेकिन गूगल मैप की नजर में यह दुरुस्त हैं। ऐसे में अगर वाहन सवार गूगल मैप के भरोसे सफर कर रहे हैं तो उन्हें न सिर्फ परेशान होना पड़ सकता है बल्कि आशंका है कि वह हादसे का शिकार भी हो जाएं। ऐसे में अनजान रास्ते पर रफ्तार भरने से पहले उसके बारे में जानकारी जरूर कर लें, गूगल मैप के भरोसे मत रहें।
क्या कहते हैं जानकार
पुलिस विभाग के साइबर एक्सपर्ट ने बताया कि गूगल मैप सेटेलाइट के माध्यम से रास्तों की लोकेशन फीड करता है। अगर कहीं रास्ता या पुल बंद है या टूटा है तो संबंधित विभाग को गूगल को मेल करके सूचना देनी चाहिए। बताया कि पुलिस विभाग की साइबर सेल के माध्यम से गूगल के अधिकारियों को मेल कराई जा सकती है। गूगल रास्तों और उनकी लोकेशन को अपग्रेड न करने से भी इस तरह के हादसे होते हैं।