उझानी: नगर के कल्याण चौक के समीप एसएस ग्रीन लान में रविवार को केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल कल्याण सिंह की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उप्र में सुशासन के संस्थापक श्रीराम मंदिर आंदोलन के अग्रदूत, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का समाज के पुनर्निर्माण में अविस्मरणीय योगदान है। श्री वर्मा ने कहा ‘बाबूजी’ ने अपने जीवन का एक-एक क्षण समाज व राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया था। सेवा, सुशासन और सामाजिक न्याय हेतु सदैव समर्पित रहे। केन्द्रीय मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि कल्याण सिंह भारत मां के महान सपूत, राष्ट्रभक्त व रामभक्त थे। बाबूजी कल्याण सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता से आगे किसान ,शिक्षक, 1977 में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, विधायक, सांसद, दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री व दो राज्यों के राज्यपाल के रूप में उनकी कार्यकुशलता, कर्मठता व प्रशासनिक क्षमता की दक्षता को हर किसी ने स्वीकार किया।
उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए लोग सिद्धांतों की तिलांजलि दे देते हैं। कुछ प्राप्त करने के लिए मूल्यों के साथ समझौता करते हैं, लेकिन कल्याण सिंह जैसे व्यक्तित्व ने मूल्यों व सिद्धांतों के साथ कभी समझौता नहीं किया। रामजन्मभूमि आंदोलन और उसके बाद भी प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने, प्रशासनिक दक्षता को परिपूर्ण करने के लिए उनके द्वारा 1990 के दशक के प्रारंभ व उत्तरार्ध में जो प्रयास प्रारंभ किए गए थे, वह नए उत्तर प्रदेश का दर्शन कराते हैं। एमएलसी बागीश पाठक ने कहा कि देश 1947 में आजाद हुआ, लेकिन उत्तर प्रदेश के लोगों को पहली बार इसका अहसास तब हुआ, जब मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करके कल्याण सिंह जी ने शासन व्यवस्था को आगे बढ़ाया। उस समय भी उन्हें अस्थिर करने के लिए झुंड के झुंड अव्यवस्था फैलाने पर उतारू थे। उसकी परवाह किए बिना उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सरकार की तिलांजलि दी। उनकी दूरदर्शिता थी, जो सपना उन्होंने देखा, वह साकार हो गया। आज अयोध्या में रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण कार्य पूरा हो गया तो उनकी आत्मा को भी असीम शांति प्राप्त हुई होगी। कार्यक्रम को पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल,पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, एमपी सिंह राजपूत,युवा नेता हर्षवर्धन राजपूत, ने भी संबोधित किया। यह लोग रहे मौजूद गिरीश पाल सिसोदिया,अखिल अग्रवाल,अरुण अग्रवाल, रानी सिंह पुंडीर, सचिन अग्रवाल बंटी, मोहित राज शर्मा,शंकर गुप्ता, विवेक राष्ट्रवादी, राजीव गोयल, राहुल शंखधार, संदीप सक्सेना,अजय तोमर, आदि मौजूद रहे।
संवाददाता देव ठाकुर